सूरज कुमार, संवाददाता
बलौदाबाजार, 21 जुलाई 2025। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की जिला इकाई बलौदा बाजार के तत्वावधान में आज ज़िला कलेक्टर को जनसमस्याओं से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। बसपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से नगर पंचायत लवन में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की नई प्रतिमा को लवन तहसील परिसर में स्थापित करने की मांग की गई। साथ ही नगर पंचायत लवन में पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति छात्रावास की स्थापना की माँग भी की गई।

बसपा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि किसानों को सहकारी समितियों से खाद नहीं मिल रहा, जबकि धन्ना सेठों के गोदामों में खाद का भंडारण कर दिया गया है। उन्होंने मांग की कि किसानों को केवल सहकारी समिति के माध्यम से ही खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा, जिला बलौदा बाजार में प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति एवं जनजाति छात्रावासों में सीटों की संख्या बढ़ाने की भी मांग रखी गई। बसपा ने कहा कि इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर पार्टी जनआंदोलन करेगी।
ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम में पूर्व विधायक पामगढ़ मा. दुजराम बौद्ध, जिला अध्यक्ष बसपा बलौदा बाजार प्रहलाद साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष मा. डेरहा डहरिया, जिला प्रभारी इंजीनियर रवि रविन्द्र व डॉ. राधे लहरें, रतिराम टंडन, राजकुमार डहरिया, आकाश लहरें, डॉ. नोहर भारद्वाज, दुर्गा टंडन, बंशी कठोत्रे, कांशीराम रात्रे, अश्वनी सोनवानी सहित बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
