उड़ीसा: भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी ने डॉ. सरिता बुधू को प्रवासी भारतीय सम्मान, 2025 से सम्मानित किया। यह सम्मान डॉ. बुधू को मॉरीशस में भोजपुरी लोकगीतों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में सम्मिलित करवाने के लिए उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।
डॉ. सरिता बुधू के प्रयासों और संघर्षों ने मॉरीशस में भोजपुरी गीतों में गिरमिटिया भारतीयों की विरासत, उनके संघर्ष और उल्लास को संरक्षित किया और उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाई। उनके नेतृत्व में मॉरीशस में भोजपुरी स्पीकिंग यूनियन ने इस धरोहर को बचाने और संजोने के लिए विशेष कार्य किया।
डॉ. सरिता बुधू की इस उपलब्धि ने न केवल भारतीय संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान दिलाया है, बल्कि विदेशों में भारतीय समुदाय का मस्तक भी गर्व से ऊंचा किया है। यह सम्मान उनके अथक प्रयासों और भोजपुरी संस्कृति को जीवित रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उनकी इस सफलता पर समस्त भारतीय समुदाय ने गर्व व्यक्त किया है और उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।